![]()
लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के पोटमाडीह गांव में जमीन विवाद ने शुक्रवार को खूनी रूप ले लिया। आपसी विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची मृतक की पत्नी और बेटा भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। जानकारी के अनुसार, पोटमाडीह निवासी कामिल बेक और उनके छोटे भाई पोलिकार्प बेक के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि पोलिकार्प बेक ने कुल्हाड़ी से अपने बड़े भाई कामिल बेक पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से कामिल बेक जमीन पर गिर पड़े। पति को बचाने पहुंची उनकी पत्नी सलोमी बेक और पुत्र निलेश बेक पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों की सहायता से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कामिल बेक को मृत घोषित कर दिया, जबकि सलोमी बेक और निलेश बेक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना का कारण जमीन संबंधी विवाद सामने आया है। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पोटमाडीह गांव में मातम पसरा हुआ है।

![BAN vs AUS [WATCH]: Taskin Ahmed gets rid off Adam Zampa with an absolute jaffa during 2nd ODI](https://crickettimes.com/wp-content/uploads/2026/06/Taskin-Ahmed-gets-rid-off-Adam-Zampa-with-an-absolute-jaffa-during-2nd-ODI-1168x657.webp)