भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने विपक्ष पर आरोप लगाया है कि विपक्ष राज्य में मुद्दाविहीन हो चुका है। विपक्ष अब छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर सरकार को बदनाम करने की साजिश रच रहा है। बिहार शरीफ स्थित सर्किट हाउस में नालंदा भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार की मौजूदगी में रविवार को पीसी हुई। जिसमें प्रदेश प्रवक्ता ने कानून-व्यवस्था, सरकारी बंगला विवाद और छात्र आंदोलन सहित कई समसामयिक मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा। पटेल ने कहा कि पाटलिपुत्रा रेलवे स्टेशन पर छात्रों का हंगामा और पुलिसकर्मियों पर हमले को लेकर भाजपा प्रवक्ता ने विपक्ष की भूमिका को संदिग्ध बताया। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचता, तो वह युवाओं को भड़काने का काम करता है। उन्होंने छात्रों और नौजवानों से अपील करते हुए कहा कि वे विपक्ष का मोहरा न बनें। वहीं, बंगला विवाद पर कहा कि पता नहीं राबड़ी को सरकारी बंगले से इतना लोभ क्यों है? सत्ता में रहते हुए उन्होंने जितनी संपत्ति बनाई सो बनाई, क्या अब वे सरकारी संपत्ति को भी अपनी जागीर समझना चाहती हैं? क्या उस बंगले में कोई तहखाना या खजाना छुपा है जिसे वो छोड़ना नहीं चाहतीं, यह राबड़ी जी को स्पष्ट करना चाहिए। माफियाओं के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
कुख्यात संतोष डॉन के ठिकानों पर ईओयू (EOU) और एसटीएफ (STF) की छापेमारी के बाद विपक्ष की ओर से मंत्री श्रवण कुमार के साथ उसकी तस्वीर वायरल किए जाने के सवाल पर प्रेम रंजन पटेल ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि माफियाओं के खिलाफ जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से अपनी कार्रवाई कर रही है। सार्वजनिक जीवन में कोई भी आम व्यक्ति मंत्री से मिल सकता है, ऐसे में तस्वीर होने से कोई फर्क नहीं पड़ता। हमारी सरकार का ऐसे माफियाओं से न तो कोई संबंध था, न है और न आगे रहेगा। हमारी नीति अपराधियों के खिलाफ बिल्कुल स्पष्ट है।
बिहार किसी अन्य मॉडल का मोहताज नहीं जेड्यू के ‘नीतीश मॉडल’ और भाजपा के ‘सम्राट चौधरी मॉडल’ (एनकाउंटर नीति) को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बिहार किसी बाहरी मॉडल का मोहताज नहीं है। बिहार का अपना एक विशिष्ट मॉडल है। बिहार हमेशा से देश को रास्ता दिखाने वाला राज्य रहा है, चाहे वह 1974 का जेपी आंदोलन हो या विकास की बात। आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में इसी ‘बिहार मॉडल’ पर राज्य लगातार प्रगति कर रहा है।

