![]()
औरंगाबाद सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से आज सुबह उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने अस्पताल का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों और वार्डों का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, चिकित्सकीय सेवाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी हासिल की। डॉ. सिंह ने माइनर ओटी, ओपीडी, आईसीयू, महिला रजिस्ट्रेशन काउंटर, महिला और पुरुष वार्ड, महिला ओपीडी, अल्ट्रासाउंड केंद्र, दंत ओपीडी, नेत्र ओपीडी, प्रसूति वार्ड, शिशु वार्ड, ब्लड बैंक, टीकाकरण केंद्र, एनसीडी क्लिनिक, नशा मुक्ति केंद्र, ऑपरेशन वार्ड और पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों में कार्यरत डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से अस्पताल की कार्यप्रणाली के साथ ही मरीजों को दी जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जहां कुछ कमियां नजर आईं, वहां उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश भी दिए गए। हीट वेव मरीजों के लिए विशेष तैयारी, अगस्त तक नए भवन में शिफ्ट होंगी सेवाएं गर्मी के मौसम और हीट वेव के खतरे को देखते हुए उपाधीक्षक ने अस्पताल में की गई विशेष तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एनआरसी में बनाए गए हीट वेव वार्ड का जायजा लिया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि हीट वेव से प्रभावित मरीजों के समुचित उपचार के लिए एनआरसी के सभी बेड खाली कर दिए गए हैं। पूरे वार्ड को वातानुकूलित बना दिया गया है। इससे गर्मी और लू से प्रभावित मरीजों को तत्काल राहत और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी। मानसून पूरी तरह सक्रिय होने तक हीट वेव के मरीज अस्पताल पहुंचते रहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला पदाधिकारी के निर्देश और सिविल सर्जन के नेतृत्व में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद सभी कर्मियों से उनके कार्यों का फीडबैक भी लिया और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने का निर्देश दिया। उपाधीक्षक ने बताया कि सदर अस्पताल के नए भवन में सेवाओं के स्थानांतरण की प्रक्रिया भी जारी है। अस्पताल प्रशासन का प्रयास है कि अगस्त के महीने तक अधिकांश विभागों और सेवाओं को नए भवन में स्थानांतरित कर दिया जाए। नए भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ मरीजों को अधिक बेहतर और व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन के कई अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

