Wednesday, June 17, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

जहानाबाद स्टेशन पर सिपाही भर्ती परीक्षा के बाद भीड़:प्लेटफॉर्म पर पहुंचे हजारों छात्र , ट्रेन में चढ़ने को मची होड़; यात्री हुए परेशान


जहानाबाद जिले में सिपाही भर्ती परीक्षा समाप्त होने के बाद बुधवार को पटना-गया रेलखंड पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जहानाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के एक घंटे विलंब से पहुंचने के कारण प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती गई, जिससे स्टेशन परिसर में काफी भीड़भाड़ का माहौल बन गया। परीक्षा खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने गंतव्य की ओर लौटने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान, ट्रेन के निर्धारित समय से करीब एक घंटा देर से आने के कारण भीड़ और बढ़ गई। ट्रेन पहुंचते ही उसमें सवार होने के लिए यात्रियों के बीच होड़ मच गई, जिससे सीट पाने और ट्रेन में प्रवेश करने को लेकर धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस भीड़ का असर आम यात्रियों पर भी पड़ा। जुनाठी खुर्द गांव निवासी मंटू कुमार ने बताया कि उन्हें जरूरी काम से पटना जाना था, लेकिन अत्यधिक भीड़ के कारण ट्रेन में चढ़ना संभव नहीं हो सका और उन्हें वापस घर लौटना पड़ा। वहीं, निजामुद्दीनपुर निवासी अमित कुमार को अपने पिता की दवा लाने पटना जाना था, लेकिन ट्रेन में असामान्य भीड़ के कारण वे यात्रा नहीं कर सके और निराश होकर लौट गए। ट्रेनों में जगह नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में परीक्षार्थी और अन्य यात्री बस स्टैंड की ओर रुख करने लगे। वहां भी यात्रियों की भीड़ बढ़ गई और बसों में सीट पाने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई बसें यात्रियों से खचाखच भरकर विभिन्न गंतव्यों के लिए रवाना हुईं। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवान प्लेटफॉर्म पर तैनात रहे। आरपीएफ प्रभारी प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा को देखते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। आरपीएफ और जीआरपी की टीम लगातार भीड़ पर नजर रखे हुए थी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles