कल्याणी, कोलकाता से श्याम रजक की रिपोर्ट
Mid-Day Meal : नदिया जिले के शांतिपुर थाना अंतर्गत कुतुबपुर जूनियर हाइस्कूल में गुरुवार दोपहर मिड-डे मील के दौरान एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आयी है. स्कूल के गेटमैन पर आरोप है कि उसने महज थोड़े से ज्यादा चावल मांगने पर पांचवीं कक्षा के एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी. इस घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद स्कूल परिसर में भारी तनाव फैल गया. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस के साथ-साथ सेंट्रल फोर्स (केंद्रीय बल) को भी मौके पर तैनात करना पड़ा.
प्लेट पर मुंह के बल गिरा छात्र, माथे से बहा खून
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर स्कूल परिसर में छात्रों को मिड-डे मील का भोजन परोसा जा रहा था. खाना खाते समय पांचवीं कक्षा के एक छात्र ने ड्यूटी पर मौजूद गेटमैन से अपनी थाली में थोड़े और चावल देने का अनुरोध किया. इतनी सी बात पर आरोपी गेटमैन इस कदर आगबबूला हो गया कि उसने आव देखा न ताव और छात्र को एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया.
बच्चे के सिर से बहने लगा खून
परिजनों का आरोप है कि थप्पड़ की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मासूम बच्चा संतुलन खोकर सीधे अपनी स्टील की खाने की प्लेट पर मुंह के बल जा गिरा. प्लेट का नुकीला हिस्सा उसके माथे में धंसने के कारण गहरा घाव हो गया और सिर से तेजी से खून बहने लगा. लहूलुहान बच्चा दर्द से तड़पते हुए स्कूल में ही फूट-फूट कर रोने लगा, जिसके बाद आनन-फानन में उसे प्राथमिक उपचार दिया गया.
परिजनों का फूटा गुस्सा
जैसे ही इस अमानवीय घटना की खबर बच्चे के परिजनों और ग्रामीणों तक पहुंची, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. भारी संख्या में उत्तेजित अभिभावक और स्थानीय लोग स्कूल कैंपस में जमा हो गये और आरोपी गेटमैन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन (प्रोटेस्ट) शुरू कर दिया. पीड़ित परिवार के एक सदस्य ने आक्रोश जताते हुए कहा- एक छोटे बच्चे ने सिर्फ थोड़ा सा और चावल ही तो मांगा था! क्या इसके लिए उसे इस तरह पीटा जायेगा कि उसका सिर फट जाए? यह बर्बरता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
सेंट्रल फोर्स ने संभाला मोर्चा
मामले की गंभीरता और बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए शांतिपुर थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची. क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए तुरंत सेंट्रल फोर्स के जवानों को भी तैनात किया गया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया. पुलिस ने इस मामले की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है. हालांकि, आरोपी कर्मचारी के खिलाफ क्या अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी, इस पर स्कूल प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था.
Also Read: कोलकाता के नबन्ना वीआईपी जोन में मिला संदिग्ध युवक, एसटीएफ कर रही पूछताछ
The post मिड-डे मील में मांगा था थोड़ा चावल, शिक्षक ने कर दी पिटाई, 5वीं के छात्र का सिर फूटा appeared first on Prabhat Khabar.


