![]()
मुजफ्फरपुर में पंचायत की मुखिया के पति और एक ग्रामीण के बीच विवाद हो गया। इस दौरान दोनों के बीच सड़क पर मारपीट हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के समय मुखिया पति मनोज पंडित की कमर में एक पिस्टल भी देखी गई। मामल कथैया थाना क्षेत्र के पगहियां गांव का है। वायरल वीडियो में मुखिया पति मनोज पंडित और गांव के एक व्यक्ति के बीच तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई शुरू होती दिख रही है। मारपीट इतनी बढ़ गई कि मुखिया पति के कपड़े फट गए। वीडियो में उनकी कमर में पिस्टल स्पष्ट रूप से नजर आ रही थी। मुखिया पति ने जानलेवा हमला करने का लगाया आरोप घटना के बाद मुखिया पति मनोज पंडित ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि विपक्षी पक्ष ने मारपीट के दौरान उनकी कमर से पिस्टल छीनने का प्रयास किया और उन पर जानलेवा हमला किया। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी मुखिया पति पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। सड़क पर हुई इस घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। बाद में एक महिला और कुछ अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा कि वीडियो की जांच की जा रही है। उन्होंने पुष्टि की है कि दोनों पक्षों ने संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। सबसे महत्वपूर्ण पहलू हथियार की वैधता को लेकर है। पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि सार्वजनिक रूप से दिख रही पिस्टल लाइसेंसी है या अवैध है। एसपी ने बताया कि आर्म्स मजिस्ट्रेट को हथियार के सत्यापन का निर्देश दिया गया है। यदि हथियार अवैध पाया जाता है या लाइसेंसी होने के बावजूद उसका दुरुपयोग साबित होता है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुजफ्फरपुर में सड़क पर मुखिया पति की पिटाई; VIDEO:कमर में दिखा पिस्टल, मुखिया पति बोले- जानलेवा हमला हुआ, कपड़े फाड़े
Date:




