![]()
कैमूर में मोहनिया के पास हुए एक सड़क हादसे में ऑटो पलटने से एक युवक की मौत हो गई। इस दुर्घटना में वाहन में सवार अन्य लोग भी आंशिक रूप से घायल हुए हैं। मृतक की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना अंतर्गत रानी सागर निवासी सगीर के पुत्र समीन (30) के रूप में हुई है। मृतक के परिचित बादशाह ने बताया कि समीन उनके साथ कोटा आया हुआ था। वे दोनों कोटा से लौट रहे थे और जोधपुर जाने के क्रम में समीन ने भी साथ चलने की इच्छा जताई थी। मोहनिया से लगभग 6 किलोमीटर दूर अचानक उनका ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के वक्त ऑटो में चालक सहित करीब 6 लोग सवार थे। इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनिया लाया दुर्घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल समीन को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनिया लाया गया। अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि घायल युवक को बेहद नाजुक स्थिति में लाया गया था। वह अर्धचेतन अवस्था में था और उसके सिर, मुंह और कान से काफी खून बह रहा था। डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टर के अनुसार, हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति भी अस्पताल आया था, जिसके हाथ-पैर में मामूली चोटें आई हैं। उसकी हालत खतरे से बाहर है और वह फिलहाल बातचीत कर रहा है। अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी है।


