भास्कर न्यूज | मझिआंव/ बरडीहा दशहरा पर्व पर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब के निर्माण पर रोक लगाने के लिए बरडीहा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पुलिस कप्तान के निर्देश पर थाना प्रभारी राहुल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बरडीहा थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव के जंगल में छापेमारी कर करीब 500 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट कर दिया। इस दौरान अवैध शराब बनाने के लिए तैयार की गई भट्ठी को भी ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध महुआ शराब बनाने वालों में हड़कंप मच गया है। जंगल में छिपाकर शराब निर्माण का काम किए जाने के कारण मौके पर किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। वहीं, भट्ठी किसकी थी, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आ पाई है। स्थानीय स्तर पर भी किसी ने भट्ठी के मालिकाना हक के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। अवैध शराब कारोबारियों को सख्त चेतावनी : थाना प्रभारी राहुल सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दशहरा पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। पर्व के दौरान अवैध शराब का निर्माण, बिक्री और सेवन कर अशांति फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने अवैध रूप से महुआ शराब बनाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे कारोबार में संलिप्त लोग अपनी गतिविधियां तत्काल बंद कर दें, अन्यथा पकड़े जाने पर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
