
कहलगांव (भागलपुर) से ऋषिकांत मिश्र की रिपोर्ट
Railway Accident Shivnarayanpur: साहिबगंज-भागलपुर रेलखंड पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में तीन रेल मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन और लक्ष्मीपुर भोरंग हॉल्ट के बीच शिवनारायणपुर सिग्नल के समीप हुआ, जहां चारों मजदूर रेलवे ट्रैक के रखरखाव कार्य के लिए जा रहे थे.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मजदूर डाउन लाइन पर पैदल चल रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रही एक मालगाड़ी की चपेट में आने से यह भीषण हादसा हो गया.
घटनास्थल पर तीन मजदूरों की मौत
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के निरीक्षक प्रभारी सिमरन चौधरी ने बताया कि हादसे में संवेदक के अधीन कार्यरत तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है.
- राम प्रसाद.
- रामू.
- रगदा.
वहीं प्रधान हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर भेजा गया है.
मेंटेनेंस कार्य के लिए जा रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार सभी मजदूर अप लाइन पर रखरखाव कार्य करने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान वे डाउन लाइन पर पैदल चल रहे थे, तभी पीछे से आई मालगाड़ी की चपेट में आ गए.
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए. घटना के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, जांच जारी
स्थानीय शिवनारायणपुर थाना पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं रेल प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुट गए हैं.
मुख्य बिंदु
- शिवनारायणपुर स्टेशन और लक्ष्मीपुर भोरंग हॉल्ट के बीच हुआ हादसा.
- मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन रेल मजदूरों की मौत.
- एक मजदूर गंभीर रूप से घायल, भागलपुर में इलाज जारी.
- सभी मजदूर ट्रैक मेंटेनेंस कार्य के लिए जा रहे थे.
- आरपीएफ और रेल प्रशासन ने जांच शुरू की.
- पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
