![]()
झारखंड राय यूनिवर्सिटी के बीटेक माइनिंग थर्ड ईयर के छात्र मनीष कुमार (20) का शव फांसी के फंदे से झूलता मिला। हजारीबाग के बेलापेटो केरेडारी निवासी मनीष राजाउलातु स्थित डाबरटोली में मिथिलेश कुमार के मकान में ऊपरी तल्ले पर किराए पर रहता था। आसपास के लोगों ने बताया कि कमरे का दरवाजा तीन दिन से बंद था। बुधवार को बदबू आने लगी तो बगल वाले कमरे में रहने वाले विरेंद्र और संजीव ने हटिया में रहने वाले मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो वहां मनीष फंदे से लटकता मिला। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस उसके दोस्तों और मकान मालिक से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटा रही है। पिता बोले-एक लड़की ने कहा था, मनीष का हावभाव ठीक नहीं
घटना की सूचना मिलने पर पिता हुसैनी साव और चाचा पहुंचे। हुसैनी साव ने कहा कि सोमवार शाम उनके मोबाइल पर एक लड़की का फोन आया था। उसने कहा था कि मनीष का हावभाव सही नहीं है। दो दिन से बातचीत नहीं हो रही है। लेकिन उन्होंने लड़की की बात को गंभीरता से नहीं लिया। फिर उन्होंने कई बार मनीष को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। बुधवार को पुलिस ने उन्हें मनीष के फंदे पर लटके होने की सूचना दी। पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मनीष आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता। उन्होंने कहा कि मकान मालिक ने मंगलवार को मनीष के कमरे का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन अंदर से जवाब नहीं मिला। उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
पिता ने जताई हत्या की आशंका, जांच की मांग:झारखंड राय यूनिवर्सिटी के बीटेक छात्र का शव फंदे पर लटका मिला
