![]()
सहरसा के सौर बाजार थाना क्षेत्र में ‘परी ट्रेडर्स’ द्वारा किसानों और छोटे व्यापारियों से करोड़ों रुपये की मक्का व अन्य फसल खरीदकर भुगतान नहीं करने के मामले में सोमवार को पीड़ित किसानों और व्यापारियों ने जिला समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन किया। सहरसा स्टेडियम परिसर के पास आयोजित एक दिवसीय धरने में प्रदर्शनकारियों ने फरार संचालकों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। तीन संचालकों पर दर्ज हैं धोखाधड़ी के मामले
सौर बाजार स्थित ‘परी ट्रेडर्स’ के संचालक आशुतोष गुप्ता उर्फ वैष्णवी, अमितोष गुप्ता उर्फ बिट्टू गुप्ता और गोपाल प्रसाद गुप्ता पर धोखाधड़ी का आरोप है। उनके खिलाफ सौर बाजार थाना में कांड संख्या 155/26 और 159/26 के तहत नए कानून (BNS) की धारा 316(2), 318(4) और 3(5) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। किसान ने लगाया 2.20 करोड़ रुपये की खरीद का आरोप अलीमगंज निवासी किसान मनोज कुमार द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों ने उनसे करीब 2 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की मक्का खरीदी थी। आरोप है कि 14 जून 2026 को भुगतान किए बिना ही संचालक प्रतिष्ठान में ताला लगाकर सपरिवार फरार हो गए। शिकायत के अनुसार, इस मामले से सैकड़ों किसान और छोटे व्यापारी प्रभावित हुए हैं। पुलिस कार्रवाई में देरी पर जताई नाराजगी धरने में शामिल किसानों ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि 19 जून 2026 को एसडीपीओ ने स्वयं सौर बाजार थाना पहुंचकर पीड़ितों के बयान दर्ज किए थे और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक किसी भी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़ितों का आरोप है कि थाने में मामले की जानकारी लेने पर उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों या न्यायालय का हवाला देकर टाल दिया जाता है। ज्ञापन सौंपकर गिरफ्तारी और अपडेट की मांग प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कांड संख्या 155/26 और 159/26 की उच्चस्तरीय समीक्षा कराने, नामजद फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा मामले की प्रगति से पीड़ित किसानों और छोटे व्यापारियों को समय-समय पर अवगत कराने की मांग की। आमरण अनशन की दी चेतावनी
पीड़ित किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे कलेक्ट्रेट के समक्ष लोकतांत्रिक तरीके से आमरण अनशन शुरू करेंगे। उनका कहना है कि ऐसी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस तंत्र की निष्क्रियता की होगी। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उनके ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय (बिहार), पुलिस महानिदेशक (DGP) और अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) को भी भेजी गई है।

