![]()
सीतामढ़ी सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में गाली-गलौज और मारपीट का प्रयास किया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख डॉक्टर मौके से चले गए। शहर के कोर्ट बाजार निवासी 52 वर्षीय नागेंद्र महतो लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। परिजन ने बताया कि उनका तीन बार डायलिसिस हो चुका था। बुधवार को घर पर बिस्तर से गिरने से उनके सिर में चोट लग गई थी। चोट लगने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्काल उनकी जांच कर उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। लापरवाही का आरोप लगाकर परिजन ने किया हंगामा मौत की सूचना मिलते ही परिजन भड़क उठे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि जैसे ही उनके पति की आंख में ड्रॉप डाला गया, उनकी मौत हो गई। वहीं, अस्पताल उपाधीक्षक ने बताया कि मरीज को जब अस्पताल लाया गया था, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को शांत करने का प्रयास कर रही है।


