![]()
जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने क्रेडिट कार्ड के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को साइबर डीएसपी अमित रविदास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मार्गोमुंडा थाना क्षेत्र के पंचरुखी निवासी नसरुद्दीन अंसारी (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक, एक आधार कार्ड और 4,04,500 रुपए नगद बरामद किए हैं। डीएसपी ने बताया कि यह नकद राशि आरोपी के पास रखी एक थैली से मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताता था। वह लोगों को क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया क्रेडिट कार्ड जारी करने का झांसा देता था। इसके बाद वह पीड़ितों से एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करवाकर उनके मोबाइल और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारियां हासिल करता था। इन जानकारियों का उपयोग कर वह खातों से साइबर ठगी को अंजाम देता था। साइबर डीएसपी अमित रविदास ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी नसरुद्दीन अंसारी ने स्वीकार किया है कि बरामद नगद राशि साइबर ठगी से अर्जित की गई थी। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह राशि किसी अन्य साइबर अपराधियों में बांटने के लिए रखी गई थी या आरोपी ने इसे अन्य माध्यमों से ठगी कर इकट्ठा किया था। मामले में आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।
