![]()
धनबाद पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड अवैध पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हालांकि, उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय ने गुरुवार को बताया कि 15 जुलाई की शाम करीब साढ़े सात बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, हीरक रोड आठ लेन सड़क के पास भुचुंगटांड़ स्थित एक बंद मकान के पास दो अपराधी किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे थे। इस सूचना के सत्यापन के बाद एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही दोनों युवक भागने लगे। भागने के दौरान गिर जाने से मोनू कुमार यादव पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। तलाशी के दौरान मोनू की कमर से एक लोडेड अवैध पिस्टल और उसकी मैगजीन से ‘KF 7.65’ अंकित तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामद हथियार पर “MADE IN USA” लिखा है। आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मोनू कुमार यादव ने फरार साथी की पहचान ईस्ट बसुरिया निवासी चिरकुट संजय के रूप में की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मोनू वर्ष 2025 में भी आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है। इस मामले में भूली ओपी में कांड संख्या 113/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपी चिरकुट संजय की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

