![]()
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव के पास गुरुवार को एक आम के पेड़ से 48 वर्षीय व्यक्ति का शव गमछे के सहारे लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान वकील हेंब्रम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, दुर्गापुर गांव के बाहर एक पोखर के पास स्थित आम के पेड़ पर कुछ ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को गमछे से लटका देखा। यह खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। दुर्गापुर गांव के प्रधान विश्वजीत मरांडी ने तत्काल नगर थाना को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और फांसी के फंदे से शव को नीचे उतारा। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हत्या का मामला है या आत्महत्या का। जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी। मृतक वकील हेंब्रम मूल रूप से शहरकोल पंचायत के कोलाजोड़ा गांव के निवासी थे। उनके भाई केस्टो हेंब्रम ने बताया कि वकील पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। शादी के बाद से वह दुर्गापुर गांव में अपने ससुराल में घर जमाई के रूप में रह रहे थे। वकील हेंब्रम की शादी लगभग 20 वर्ष पहले दुर्गापुर के सोम मरांडी की पुत्री मरंगमय मरांडी से हुई थी। सोम मरांडी का कोई पुत्र न होने के कारण वकील को घर जमाई के रूप में रखा गया था। मृतक के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो लड़कियां और एक पुत्र शामिल हैं। फिलहाल, वकील हेंब्रम की मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजनों ने किसी भी तरह के पारिवारिक झगड़े से इनकार किया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।


