छत्तीसगढ़ के रायपुर में बिहार के कारोबारी परिवार के 5 लोगों का शव मिला है। रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में शुक्रवार रात बैटरी कारोबारी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने में जहर दे दिया। इसके बाद उसने खुद
.
बताया जा रहा है कि कमरे से बदबू आने के बाद मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
शुरुआती जांच में मृतकों के मुंह से झाग निकलता मिला है। कमरे से खाने-पीने का सामान और एक कीटनाशक का डिब्बा भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने देर रात तक घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए और इसके बाद मकान को सील कर दिया। सिलसिलेवार तरीके से जानिए वारदात की पूरी कहानी….
पहले मौके से आई तीन तस्वीरें…

कारोबारी सय्यद शाहिद का शव किचन में फंदे से लटका मिला।

सय्यद शाहिद की पत्नी और बच्चों का शव जमीन में पड़ा हुआ मिला।

सय्यद शाहिद के बच्चे के मुंह पर झाग था।
8 महीने से किराए पर रह रहा था परिवार
पुलिस के मुताबिक, संजय नगर निवासी सय्यद उमेर अली के मकान में सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) पिछले आठ महीने से किराए पर रह रहा था। उसके साथ पत्नी राबिया, बेटा इरशाद अली (19), बेटी शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) भी रहती थीं।
शाहिद पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री का कारोबार करता था, जबकि उसका बेटा एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।
घर से बदबू आने पर खुला राज
गुरुवार शाम के बाद परिवार के किसी सदस्य को किसी ने नहीं देखा। शुक्रवार को पूरे दिन घर का दरवाजा बंद रहा। यहां रहने वाले दूसरे किराएदारों के यहां भी परिवार का कोई सदस्य नहीं गया।
शाहिद के घर का गेट नहीं खुलने पर पड़ोसियों ने आवाज लगाई, तो कोई हलचल नहीं हुई। जिसके बाद पड़ोसी घर के बाहर पहुंचे, तो अंदर से सड़न की बदबू आ रही थी।
पड़ोसियों ने रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुई।

पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस पहुंची, जिसके बाद परिवार के 5 लोगों का शव मिला। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बेटियों के नहीं दिखने पर बढ़ा शक
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि मकान की पहली मंजिल पर रहने वाले दूसरे किरायेदार के घर शाहिद की दोनों बेटियां अक्सर आती-जाती थीं। गुरुवार रात के बाद वे दिखाई नहीं दीं।
शुक्रवार को भी जब बच्चियां नजर नहीं आईं तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद मकान मालिक को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
पत्नी, बेटा-बेटी के शव जमीन पर पड़े थे
कमरे के अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। कारोबारी शाहिद का शव किचन में फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसकी पत्नी, बेटा और दोनों बेटियों के शव जमीन पर पड़े थे।
उनके मुंह से झाग निकला हुआ था। पुलिस का अनुमान है कि यह घटना गुरुवार देर रात हुई है। पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

खाने में जहर देने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतकों के मुंह से झाग निकल रहा था। कमरे में खाने-पीने का सामान और एक कीटनाशक का डिब्बा भी मिला है।
इससे आशंका जताई जा रही है कि शाहिद ने पहले खाने में जहर मिलाकर पत्नी और बच्चों को खिलाया, जिससे उनकी मौत हो गई।
इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
बिहार का रहने वाला था परिवार
पुलिस के अनुसार, शाहिद मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। उनके भाई जहीर अली रायपुर के कुकरीपारा इलाके में रहते हैं। उन्होंने ही पांचों शवों की पहचान की।
पुलिस मकान मालिक सय्यद उमेर अली से भी पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि उमेर पूर्व महापौर एजाज ढेबर के निजी सचिव रह चुके हैं।


…………………..
ये खबर भी पढ़िए
थाने में फंदे से लटकी मिली ASI की बॉडी:समस्तीपुर में डायल-112 में पोस्टिंग थी, कुछ दिन पहले हुआ था ट्रांसफर; SP बोले- डिप्रेशन में थे

समस्तीपुर में ASI बबलू कुमार प्रसाद(50) की थाने में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उनका शव शनिवार सुबह थाने के तीसरे फ्लोर पर कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र की है। बबलू कुमार प्रसाद डायल-112 में सहायक अवर निरीक्षक की पोस्ट पर थे।पढ़ें पूरी खबर
