![]()
दरभंगा में शुक्रवार देर रात घर के बाहर खड़ी सीएनजी ऑटो में अचानक आग लग गई। गाड़ी जलकर राख हो गई। सुबह गाड़ी मालिक की नींद खुली तब मामले की जानकारी हुई। सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौरे पर पहुंची। छानबीन की जा रही है। घटना बहादुरपुर प्रखंड के बरहेता गांव की है। वाहन मालिक मंटू मंडल ने बताया कि साल 2025 में फाइनेंस के माध्यम से ऑटो(BR07PD2979) खरीदी थी। ऑटो के पूरी तरह जल जाने से उनकी आजीविका समाप्त हो गई है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस गश्त पर उठाए सवाल सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए मंटू ने कहा कि इलाके में असामाजिक एवं नशेड़ी तत्वों की आवाजाही रहती है। नियमित पुलिस गश्ती नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएं हो रही है। अगर लगातार पुलिस पेट्रोलिंग होती तो इस घटना को रोका जा सकता था। ‘परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं है’ वहीं, पीड़िता नीलम देवी ने भावुक होकर कहा कि इसी ऑटो की कमाई से पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई चलती थी। अब परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसी से हमारी कोई दुश्मनी या विवाद नहीं है। सुबह उठकर देखा तो गाड़ी धू-धू कर जल रही थी। हमने तुरंत पुलिस को सूचना दी। अब प्रशासन से मांग है कि हमें आर्थिक सहायता दी जाए या फिर किसी तरह दोबारा गाड़ी उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार का जीवन फिर से पटरी पर लौट सके। आवेदन के आधार पर की जाएगी कार्रवाई वहीं, पुलिस ने पीड़ित परिवार को थाने में आवेदन देने को कहा है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
