![]()
मोतिहारी पुलिस एटीएम चोरी की घटनाओं के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के भवानी चौक स्थित एसबीआई एटीएम से 37 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों पर दबाव बढ़ा दिया है। पुलिस ने हरियाणा में चिन्हित दो आरोपियों के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के लिए इस्तेहार तामिला कराया है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आरोपी शीघ्र पुलिस या न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो हरियाणा जाकर उनकी संपत्ति कुर्क की जाएगी। एसबीआई एटीएम से जुड़ा मामला यह मामला बीते माह रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के भवानी चौक स्थित एसबीआई एटीएम से जुड़ा है। अज्ञात चोरों ने एटीएम को काटकर उसमें रखे करीब 37 लाख रुपये चुरा लिए थे। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच तेज की। मोतिहारी पुलिस की टीम हरियाणा तक पहुंची और वहां से दो चोरों को गिरफ्तार कर मोतिहारी लाई थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान इस चोरी कांड में अन्य साथियों के नाम सामने आए। इनमें जुनैद और सहाजत, दोनों पिता हज़र खान, निवासी ग्राम पिनगवा, थाना पिनगवा, जिला नूंह (हरियाणा) शामिल हैं। पुलिस ने इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए कई बार छापेमारी की, लेकिन वे अब तक फरार हैं। कोर्ट के निर्देश पर इस्तेहार चस्पा कराया लगातार फरारी के बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट के निर्देश पर दोनों आरोपियों के घर पर इस्तेहार चस्पा कराया है। इसमें उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है, अन्यथा उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस संबंध में सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने कहा कि मोतिहारी में अपराध करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराधी देश के किसी भी कोने में छिप जाएं, पुलिस उन्हें खोज निकालने में सक्षम है। डीएसपी ने आम लोगों से भी अपील की कि ऐसे अपराधियों के बारे में जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

