![]()
दरभंगा में प्रस्तावित नई सहकारी चीनी मिलों की स्थापना को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने गन्ना क्षेत्र विस्तार और किसान पंजीकरण का विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत 24 से 26 जुलाई 2026 तक केवटी, मनीगाछी और सिंहवाड़ा प्रखंड की सभी पंचायतों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में किसानों का गन्ना किसान पंजीकरण, सहकारी समिति की सदस्यता और गन्ना खेती से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। 30 हजार एकड़ में गन्ना खेती का लक्ष्य जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया, ‘बिहार सरकार ने सचिव, गन्ना उद्योग विभाग की अधिसूचना और मुख्य सचिव के निर्देश के अनुरूप दरभंगा में नई सहकारी चीनी मिलों की स्थापना का लक्ष्य तय किया है। प्रत्येक चीनी मिल के सफल संचालन के लिए करीब 30 हजार एकड़ क्षेत्र में गन्ना की खेती आवश्यक होगी। इसी उद्देश्य से किसानों को गन्ना उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने और खेती का रकबा बढ़ाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।’ पंचायत स्तर पर होंगे जागरूकता कार्यक्रम अभियान के दौरान प्रखंड और पंचायत स्तर पर बैठकें एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सहकारिता, कृषि, गन्ना उद्योग और पंचायती राज विभाग के अधिकारी किसानों से संवाद कर गन्ना खेती के लाभ, सरकारी योजनाओं और सहकारी व्यवस्था की जानकारी देंगे। विशेष शिविरों में किसानों का पंजीकरण, चीनी मिल सहकारी समिति की सदस्यता, गन्ना विकास योजनाओं की जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। मुखिया और पैक्स अध्यक्षों से सहयोग की अपील जिलाधिकारी ने संबंधित पंचायतों के मुखिया और पैक्स अध्यक्षों से अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसानों की सक्रिय भागीदारी से ही गन्ना क्षेत्र विस्तार का लक्ष्य पूरा होगा और प्रस्तावित चीनी मिलों के संचालन के लिए मजबूत आधार तैयार होगा। अभियान की निगरानी के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी और प्रखंड कृषि पदाधिकारी को नियमित अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। केवटी में अधिकारियों की बैठक अभियान शुरू होने से पहले ईख पदाधिकारी पुष्कर राज और सहायक निदेशक (ईख विकास) अजीत कुमार प्रसाद ने केवटी प्रखंड में अंचलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर रैयाम और सकरी सहकारी चीनी मिल समिति में अधिक से अधिक किसानों की सदस्यता सुनिश्चित कराने और पंजीकरण अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में गन्ना विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की भी जानकारी दी गई, ताकि शिविरों में आने वाले किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। रैयाम-सकरी क्षेत्र का तकनीकी सर्वे अभियान के तहत ईख विभाग के अधिकारियों ने निरानी ग्रुप (रीगा चीनी मिल) के तकनीकी दल के साथ रैयाम (दरभंगा) और सकरी (मधुबनी) चीनी मिल क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रस्तावित चीनी मिल की स्थापना की संभावनाओं का तकनीकी आकलन किया गया। साथ ही, केवटी के अंचलाधिकारी के साथ रैयाम चीनी मिल परिसर और आसपास के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई भी की गई, ताकि भविष्य में निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए। किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि यह अभियान केवल गन्ना क्षेत्र विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने, सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने और दरभंगा में नई सहकारी चीनी मिलों की स्थापना के लिए मजबूत आधार तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर पंजीकरण कराने और सहकारी समिति की सदस्यता लेने की अपील की।


