![]()
बहुचर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात की जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से साझा की। उन्होंने लिखा कि सरकार इस संवेदनशील मामले में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। सीएम बोले- मामले की निष्पक्ष जांच होगी मुख्यमंत्री ने भरत तिवारी की मां आशा देवी, बहन रूबी तिवारी और भाभी सुमन देवी से मुलाकात कर उनकी पूरी बात सुनी। परिजनों ने घटना से जुड़ी अपनी पीड़ा और आरोप मुख्यमंत्री के सामने रखे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। साथ ही दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। इस बीच प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई तेज होने के संकेत मिले हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जगदीशपुर के एसडीएम संजीत कुमार को पटना क्लोज कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान मृतक की मां ने घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और एसडीएम की भूमिका को लेकर भी अपनी शिकायत रखी। इसके आधे घंटे के अन्दर ही यह प्रशासनिक निर्णय सामने आया। भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में नामजद आरोपितों के खिलाफ अगले 48 घंटे के अंदर बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बता दें कि भरत तिवारी की मौत के बाद से यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। न्यायिक जांच सहित अलग-अलग स्तरों पर जांच प्रक्रिया चल रही है और परिजन लगातार निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की इस मुलाकात के बाद एक बार फिर इस मामले में प्रशासनिक और कानूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई जा रही है।


