Sunday, July 26, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

रांची सहित कई जिलों में दिनभर बादल छाएंगे:झारखंड में सक्रिय हुआ मानसून, 18 से अधिक जिलों में बारिश व वज्रपात का अलर्ट


झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिससे रविवार को राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार आज 18 से 20 जिलों में दिनभर बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज वर्षा और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, जामताड़ा और गोड्डा समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर झारखंड में साफ दिख रहा है। इसके प्रभाव से 25 से 31 जुलाई तक राज्य में लगातार बारिश की संभावना बनी हुई है। राजधानी रांची में भी 28 जुलाई तक बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने की चेतावनी दी गई है। 27 जुलाई को रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में वज्रपात के साथ भारी बारिश हो सकती है। वहीं 28 जुलाई को भी रांची सहित आसपास के जिलों में इसी तरह का मौसम बना रहेगा। सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम में विशेष रूप से भारी बारिश और वज्रपात का खतरा बताया गया है। इस बीच लातेहार के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के बहेराटोली गांव में वज्रपात की चपेट में आने से 70 वर्षीय सीरिल लकड़ा की मौत हो गई। वायु गुणवत्ता बेहतर, पर अब भी बारिश की कमी लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में मौसम सुहावना बना रहेगा। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम और हजारीबाग में तापमान अपेक्षाकृत कम रहने से उमस भी घटेगी। जहां अधिकतम तापमान धनबाद, बोकारो, देवघर, साहिबगंज और पाकुड़ में 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, वहीं रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और लोहरदगा में 28 से 30 डिग्री के बीच रहेगा। बारिश वाले इलाकों में तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री कम रहने का अनुमान है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी बेहतर रहने की संभावना है, जिसमें रांची 35-50, जमशेदपुर 40-60, धनबाद 60-80 और बोकारो 55-75 के बीच रह सकता है। हालांकि राज्य में एक जून से 25 जुलाई तक सामान्य से 27 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में 444.3 मिमी के मुकाबले केवल 323.4 मिमी वर्षा हुई है। चतरा, देवघर, गढ़वा, पाकुड़, पलामू, रामगढ़, गिरिडीह, कोडरमा और गोड्डा में अब भी वर्षा की स्थिति सबसे कमजोर बनी हुई है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles