![]()
पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के नावाडीह हुटार गांव में 75 वर्षीय बुजुर्ग श्याम लाल भुइयां की अवैध भरठुवा बंदूक साफ करते समय गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, श्याम लाल अपने घर में बैठकर बंदूक की सफाई कर रहे थे। तभी अचानक बंदूक से गोली चल गई। गोली सीधे उनके सीने में जा लगी, जिससे उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सफाई के दौरान चली 40 साल पुरानी बंदूक मृतक के बेटे वीरेंद्र भुइयां ने बताया कि उनके पिता पिछले 40 वर्षों से इस भरठुवा बंदूक को अपने पास रखे हुए थे। वे कभी-कभार जंगल में जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए इसका इस्तेमाल करते थे। वीरेंद्र के अनुसार, घटना के समय बंदूक में पहले से बारूद भरा हुआ था। सफाई के दौरान अचानक ट्रिगर दबने या तकनीकी कारणों से गोली चल गई। उन्होंने बताया कि उनके पिता पेशे से बढ़ई मिस्त्री थे। गांव में मेहनतकश इंसान के रूप में जाने जाते थे। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर रविवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला बंदूक की सफाई के दौरान हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने भी यही जानकारी दी है कि अवैध बंदूक की सफाई करते समय गोली चल गई। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अवैध हथियार रखने के मामले में भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।

