![]()
पटना हाईकोर्ट के दो युवा अधिवक्ताओं को शराब के नशे में होने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने उन्हें कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित छज्जूबाग जज आवास परिसर से पकड़ा है। दोनों की पहचान आकाश केशव और वर्ती कुमार के रूप में हुई है। फिलहाल दोनों को कोतवाली थाना में रखा गया है। छात्रों की पैरवी करने पहुंचे थे अधिवक्ता जानकारी के मुताबिक, शनिवार को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक झड़प के बाद कई छात्रों को विभिन्न थाना क्षेत्रों से हिरासत में लिया गया था। इनमें से कुछ छात्रों को पीआर बॉन्ड पर रिहा किया गया, जबकि हिंसक गतिविधियों में शामिल बताए गए आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इन्हीं छात्रों की पैरवी करने के लिए दोनों युवा अधिवक्ता छज्जूबाग स्थित न्यायालय पहुंचे थे। बहस के दौरान शराब की दुर्गंध आने का आरोप बताया जा रहा है कि मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) के समक्ष सुनवाई के दौरान दोनों अधिवक्ताओं ने बहस शुरू की। इसी दौरान उनके मुंह से शराब की दुर्गंध आने की बात सामने आई। इसके बाद न्यायालय के निर्देश पर दोनों की अल्कोहल जांच कराई गई। आरोप है कि जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया। कोतवाली थाना में दर्ज हुआ मामला पुलिस के मुताबिक, दोनों अधिवक्ताओं के खिलाफ कोतवाली थाना में शराबबंदी कानून के प्रावधानों के साथ-साथ सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

