![]()
गोपालगंज में नगर परिषद के सफाईकर्मियों का अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर आक्रोश फूट पड़ा है। अनिश्चितकालीन हड़ताल के दूसरे दिन शुक्रवार को गुस्साए सफाई कर्मचारियों ने हाथों में झाड़ू लेकर सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पोस्ट ऑफिस चौक से अंबेडकर चौक तक विरोध मार्च निकाला और नगर प्रशासन व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सफाईकर्मियों की इस हड़ताल के कारण पूरे गोपालगंज शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहर के मुख्य बाजारों, चौराहों और रिहायशी इलाकों में जगह-जगह कूड़े-कचरे के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं। दो दिनों से कचरा न उठने के कारण बदबू से आम जनता का जीना मुहाल हो गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। लंबे समय से अपनी मांगों के लिए आवाज उठा रहे सफाईकर्मी प्रदर्शन कर रहे सफाईकर्मियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से केवल आश्वासन ही मिला है। उनकी मुख्य मांगों में वर्षों से कार्यरत सफाई कर्मियों, दैनिक वेतनभोगी और संविदा कर्मियों को तुरंत नियमित करना शामिल है। वे प्रचलित ठेका एवं आउटसोर्सिंग प्रथा को समाप्त कर कर्मियों का वेतन सीधे नगर निकाय द्वारा उनके बैंक खातों में भेजने तथा ‘समान काम का समान वेतन’ लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार के अन्य कर्मचारियों की भाँति नगर निकाय कर्मियों को भी ए.सी.पी./एम.ए.सी.पी. योजना का लाभ दिए जाने की मांग भी की गई है।


