![]()
कटिहार मद्य निषेध विभाग ने शुक्रवार को अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर टीम ने एक ही दिन में कटिहार और बरसोई रेलवे स्टेशन से कुल 132.960 लीटर अवैध विदेशी शराब और बीयर जब्त की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध टीम के अधिकारी रवि किशोर और अन्य सदस्यों ने शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर कटिहार रेलवे स्टेशन पर छापेमारी की। इस दौरान 36.000 लीटर बीयर बरामद की गई। टीम ने बीयर जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। इससे पहले शुक्रवार सुबह मद्य निषेध टीम ने बारसोई रेलवे स्टेशन पर भी कार्रवाई की थी। वहां छापेमारी के दौरान 96.960 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई। दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर एक ही दिन में कुल 132.960 लीटर अवैध शराब और बीयर की बरामदगी हुई है। मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। गुप्त सूचनाओं के आधार पर नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाकर तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त किया जा रहा है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विभाग पूरी सतर्कता से काम कर रहा है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मद्य निषेध विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या तस्करी की सूचना मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


