![]()
लातेहार जिले के बारियातू थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान काजल कुमारी के रूप में हुई है, जो श्रवण कुमार भुइयां की पत्नी थीं। इस मामले में मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि काजल की गला दबाकर हत्या की गई है। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद महिला ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। मृतका के चचेरे भाई किशन कुमार ने बताया कि उन्हें गुरुवार रात करीब आठ बजे सूचना मिली थी कि काजल ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। जब वे ससुराल पहुंचे, तो उन्होंने काजल के गले पर दबाव के निशान देखे। उन्होंने तर्क दिया कि यदि जहर खाने से मौत होती, तो उल्टी के निशान भी मिलते, लेकिन घर में ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला। किशन कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि श्रवण कुमार भुइयां अक्सर उनकी बहन के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। इस संबंध में पहले भी कई बार समझौता कराया गया था। मायके वालों ने घटना की सूचना बारियातू थाना को दी। सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी पति श्रवण कुमार भुइयां को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मृतका अपने पीछे छह माह की एक मासूम बेटी छोड़ गई है।

