![]()
कटिहार नगर निगम ने शुक्रवार को शहर में विशेष स्वच्छता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026 का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों से कुल ₹1,700 का जुर्माना वसूला गया। यह अभियान बाटा चौक से शुरू होकर न्यू मार्केट होते हुए गुरुद्वारा तक चलाया गया। इसका मुख्य उद्देश्य स्वच्छता नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना था। नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान आम नागरिकों और दुकानदारों से स्वच्छता मानकों का पालन करने की अपील की। उन्हें कचरे का उचित निस्तारण करने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान में एपीएसडब्ल्यूएमओ पदाधिकारी नूर अली खान, कनीय अभियंता अजय कुमार सिंह और सहायक अभियंता विवेक कुमार सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जाएंगे। इसका लक्ष्य शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है।

