![]()
नालंदा थाना क्षेत्र के दस्तूरपर गांव में एक युवक और युवती के बीच फोन पर बातचीत को लेकर उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हमले में दो लोगों फटा सिर अस्पताल में इलाजरत एक पक्ष की घायल महिला यशोदा देवी ने बताया कि गांव की ही एक लड़की उनके बेटे सूरज को बार-बार फोन किया करती थी। इसी बात को लेकर लड़की के माता-पिता लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पर आ धमके और गाली-गलौज करने लगे। यशोदा देवी के अनुसार, जब उन्होंने विरोध किया और कारण जानना चाहा, तो हमलावरों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में उनके पति रामलाल और बेटे अमर सहित तीन लोगों का सिर फट गया है। घटना के वक्त सूरज किसी काम से बड़गांव गया हुआ था। महिला का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने घर पर चढ़कर इस जानलेवा हमले को अंजाम दिया। दूसरे पक्ष का आरोप: जबरन फोन कर ‘दामाद’ बनने की देता था धमकी इस पूरे मामले में दूसरे पक्ष की कहानी बिल्कुल उलट है। नालंदा थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि एक पक्ष (लड़की वालों) का स्पष्ट आरोप है कि सूरज नाम का युवक जबरन लड़की के पिता को फोन करता था। इतना ही नहीं, वह फोन पर धमकी भरे लहजे में कहता था कि वह उनका ‘दामाद’ बनेगा। इसी बात को लेकर लड़की के परिजनों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। पुलिस कर रही है मामले की जांच घटना की सूचना मिलते ही नालंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं और दोनों ही पक्षों के लोग अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों ओर से लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

