![]()
मुजफ्फरपुर में शुक्रवार दोपहर कार- बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए काजीमोहम्मदपुर थाने में शनिवार को लिखित आवदेन दिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटना काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित एलएस कॉलेज के समीप होमलेस चौक पास हुई। जिसमें एक महिला कार से अपने पति और बच्चे के साथ जा रही थी, तभी कार की टक्कर एक बाइक से टकरा गई। जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई। महिला का आरोप- बदसलूकी, मारपीट और सोने की चेन छीनी कार सवार आरती कुमारी ने बताया कि 31 जुलाई को दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपने पति और 3 वर्षीय बेटी के साथ एलएस कॉलेज के पास से गुजर रही थीं। इसी दौरान दीपेश कुमार उर्फ यश और उसके एक अज्ञात साथी ने उनके साथ बदसलूकी की। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट की, उनके गले से सोने की चेन छीन ली और उनके पति पर लोहे की रॉड से हमला करने का प्रयास किया। विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के तुरंत बाद डायल-112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। महिला ने अपने आवेदन में यह भी कहा है कि उनकी कार फिलहाल थाना परिसर में खड़ी है, जबकि विवाद में शामिल मोटरसाइकिल को उसके मालिक अपने साथ ले गए। उन्होंने मांग की है कि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए। यदि कार को जांच के लिए जब्त रखा गया है तो संबंधित मोटरसाइकिल को भी पुलिस अभिरक्षा में रखा जाए, अन्यथा उनकी कार उन्हें वापस सौंपी जाए। युवक का आरोप- कार ने मारी टक्कर, फिर रॉड से किया हमला वहीं दूसरी ओर बाइक सवार दीपेश सिंह ने बताया कि वह एसकेजे लॉ कॉलेज से लौट रहा था। होमलेस चौक के पास एक अनियंत्रित कार ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। बाइक सवार ने आगे बताया कि कार चालक, शराब के नशे में था, कार से बाइक को टक्कर मारने के बाद गाड़ी से उतरकर गाली-गलौज करने लगा, जब इसका विरोध किया तो कार से स्टील की रॉड निकालकर सिर पर हमला कर दिया। हमले से सिर फूट गया और खून बहने लगा। जिसके बाद डायल-112 पर सूचना दी, पुलिस मौके पर पहुंचकर सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां सिर में टांके लगाए गए और उपचार कराया। पुलिस कर रही दोनों पक्षों के आरोपों की जांच काजी मोहम्मदपुर थाना प्रभारी चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के आवेदनों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
