![]()
बांका के कटोरिया बाजार में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। यह घटना कटोरिया स्थित सुईया रोड पर दुर्गा मंदिर के समीप हुई। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने महिला को टक्कर मार दी। मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जिसकी उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला कटोरिया हाट में दातून बेचकर गुजारा करती थी। शनिवार शाम वह सड़क पार कर रही थी, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कटोरिया पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर कटोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। मृतका की पहचान में जुटी पुलिस कटोरिया थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतका की पहचान कराने का लगातार प्रयास कर रही है। नियमानुसार, पहचान न होने पर शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि परिजन उसकी शिनाख्त कर सकें। पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है।
