![]()
किशनगंज पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एमडीएमए तस्कर सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 31.44 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टेन संजय पांडे को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना थी कि पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर से दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से एमडीएमए लेकर पोठिया होते हुए ठाकुरगंज जा रहे हैं। टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पोठिया थाना क्षेत्र के बिरनाबाड़ी के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. गुफरान (32 वर्ष), पिता मो. मोजीब, निवासी नवालपोखर थाना, जिला उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) और मो. तैरूद्दीन (35 वर्ष), पिता जसीमुद्दीन, निवासी चकुलिया थाना, जिला उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। एक बाइक और दो मोबाइल बरामद उनके पास से 31.44 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे एमडीएमए को इस्लामपुर से लाकर ठाकुरगंज में बेचते थे। इस रैकेट में शामिल अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस एमडीएमए की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज भी खंगाल रही है। इस संबंध में पोठिया थाना कांड संख्या-275/26, धारा-8(c)/22(c) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों की अपराध से अर्जित संपत्ति को भी चिन्हित कर जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
