![]()
अररिया के रानीगंज प्रखंड क्षेत्र के कई इलाकों में मंगलवार, 4 अगस्त को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। यह कटौती 11 केवी गिदवाद और काला-बलवा टाउन फीडर पर आवश्यक मेंटेनेंस और पेड़ कटिंग के कार्य के कारण होगी। बिजली विभाग के अनुसार, मेंटेनेंस कार्य के दौरान गिदवाद, खरहट, छतीयोना, काला-बलवा टाउन, मझुआ पूरब और आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी। विभाग ने बताया कि यह कार्य विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। पेड़ों की शाखाओं के कारण अक्सर बिजली लाइनों में फॉल्ट की समस्या आती है, जिसे देखते हुए लाइन के आसपास पेड़ कटिंग भी की जाएगी। उपभोक्ताओं से सहयोग करने की अपील रानीगंज के सहायक विद्युत अभियंता निशांत कुमार ने जानकारी दी कि निर्धारित अवधि के दौरान उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिलेगी। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे पानी की टंकी भरना, मोबाइल चार्ज करना और अन्य जरूरी घरेलू कार्य निर्धारित समय से पहले ही पूरे कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके। निशांत कुमार ने यह भी बताया कि यदि मौसम अनुकूल रहा और कार्य समय पर पूरा हो गया, तो दोपहर 1 बजे के बाद बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। हालांकि, तकनीकी कारणों या प्रतिकूल मौसम में समय में बदलाव संभव है। बिजली विभाग ने आम लोगों से मेंटेनेंस कार्य के दौरान विद्युत लाइनों या उपकरणों के पास न जाने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। विभाग का मानना है कि समय-समय पर होने वाले ऐसे मेंटेनेंस कार्य से बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा और भविष्य में फॉल्ट तथा अनावश्यक बिजली कटौती की समस्या में कमी आएगी।


