![]()
सिमडेगा जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं,वर्ष 2024-25 की लंबित छात्रवृत्ति,विभिन्न विभागों में वर्षों से लंबित नियुक्तियों तथा आउटसोर्सिंग व्यवस्था के विरोध में सोमवार को आदिवासी छात्र संघ जिला समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने धरना-प्रदर्शन एवं आक्रोश रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करने की मांग की। आक्रोश रैली अल्बर्ट एक्का स्टेडियम से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वीर बुधु भगत चौक पहुंची,जहां सभा का आयोजन किया गया। सभा में वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ने युवाओं की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो आंदोलन को पूरे झारखंड में और तेज किया जाएगा। सभा को संबोधित करते हुए ठेठईटांगर जिला परिषद सदस्य सह आदिवासी छात्र संघ के संयोजक अजय एक्का ने कहा कि झारखंड का युवा अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर है। लाखों अभ्यर्थी वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं,लेकिन कथित अनियमितताओं और नियुक्ति प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी से उनका भविष्य अधर में लटक गया है।उन्होंने कहा कि यदि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो जेपीएससी एवं जेएसएससी से जुड़े मामलों की निष्पक्ष केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच करानी चाहिए। आदिवासी छात्र संघ के जिलाध्यक्ष रोशन डुंगडुंग ने कहा कि एक ओर सरकार रोजगार देने का दावा करती है,वहीं दूसरी ओर विभिन्न विभागों में हजारों पद वर्षों से रिक्त पड़े हैं। नियमित नियुक्तियों के स्थान पर आउटसोर्सिंग व्यवस्था को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 की छात्रवृत्ति का भुगतान अब तक नहीं होने से हजारों आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। धरना-प्रदर्शन के बाद आदिवासी छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को जिला स्तर से राज्यव्यापी स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। कार्यक्रम में आदिवासी छात्र संघ के रांची जिलाध्यक्ष राजू उरांव, मनोज उरांव, ब्रिसियुस सोरेंग, स्मिता तिर्की, शंकर मांझी, एरेनसियुस समद, मस्कलन जोजो, नितरेन जोजो, निलेश प्रधान, सनि सोरेंग, गिल्बर्ट टेटे सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।


