![]()
बिहार सरकार ने पूर्वी क्षेत्रीय परिषद में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्यों के नाम तय कर दिए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ को बिहार की ओर से परिषद का सदस्य नामित किया गया है। सरकार ने यह नामांकन राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 1956 की धारा 16(1)(बी) के तहत किया है। इसके साथ ही बिहार के मुख्य सचिव और गृह विभाग के सचिव को परिषद का सलाहकार (एडवाइजर) बनाया गया है। यह नियुक्ति अधिनियम की धारा 16(4)(सी) के तहत की गई है। क्या होती है पूर्वी क्षेत्रीय परिषद? पूर्वी क्षेत्रीय परिषद देश की पांच क्षेत्रीय परिषदों में से एक है। इसका गठन राज्यों के बीच बेहतर तालमेल बनाने और आपसी समस्याओं का समाधान निकालने के उद्देश्य से किया गया था। इस परिषद की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री करते हैं, जबकि संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी इसकी बैठकों में हिस्सा लेते हैं। पूर्वी क्षेत्रीय परिषद में आम तौर पर बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होती है। बैठक में सीमा विवाद, कानून-व्यवस्था, सड़क और रेल संपर्क, जल संसाधन, उद्योग, निवेश, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विकास संबंधी विषयों पर विचार-विमर्श किया जाता है।

