
Kolkata Airport Gold Seizure: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के घरेलू कार्गो क्षेत्र से लगभग 60 लाख रुपए मूल्य के सोने के आभूषणों की तस्करी के प्रयास का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के तहत एयरपोर्ट पुलिस थाने की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की.
स्कूटर से बाहर निकलते समय पुलिस ने दबोचा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान निवासी राम अवतार शर्मा के रूप में हुई है. बुधवार शाम को राम अवतार जब एयरपोर्ट के डोमेस्टिक कार्गो टर्मिनल से अपने स्कूटर पर सवार होकर बाहर निकल रहा था, तभी पुलिस ने उसे रोक लिया.
400 ग्राम सोना और चांदी बरामद
आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से लगभग 400 ग्राम सोने के गहने मिले, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया. इन गहनों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपए आंकी गयी है. इसके अलावा पुलिस ने उसके कब्जे से कई सौ ग्राम चांदी भी बरामद की है.
ये भी पढ़ें: सोना तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, बड़े पैमाने पर सोना जब्त
बड़ाबाजार ले जायी जा रही थी खेप
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि सोने-चांदी के इन आभूषणों की अवैध खेप को कोलकाता के प्रसिद्ध व्यावसायिक क्षेत्र बड़ाबाजार (Burrabazar) में सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था. पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क, आभूषणों के स्रोत और इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच करेगी.
The post कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट पर 60 लाख के सोने-चांदी के आभूषण जब्त, राजस्थान का आरोपी गिरफ्तार appeared first on Prabhat Khabar.


