Friday, August 7, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

भावना कांत बनीं देश की पहली महिला 'टॉप गन':बेगूसराय के DAV स्कूल से पढ़ाई, अब लड़ाकू मिशन की करेंगी अगुआई


बिहार के दरभंगा जिले के एक छोटे से गांव से निकली स्क्वाड्रन लीडर भावना कांत ने भारतीय वायुसेना के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। वह फाइटर कॉम्बैट लीडर (FCL) कोर्स पूरा करने वाली देश की पहली महिला फाइटर पायलट बन गई हैं। इस उपलब्धि के बाद उन्हें भारतीय वायुसेना के सबसे ट्रेंड लड़ाकू पायलटों की श्रेणी में शामिल किया गया है। अब वे हवाई युद्ध अभियानों की अगुआई भी कर सकेंगी। भारत की पहली महिला ‘टॉप गन’ बनीं भवना भारतीय वायुसेना के लिए यह ऐतिहासिक उपलब्धि है। स्क्वाड्रन लीडर भावना कांत ने ग्वालियर स्थित टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट (TACDE) का प्रतिष्ठित फाइटर कॉम्बैट लीडर (FCL) कोर्स पूरा किया है। इस कोर्स को पूरा करने के बाद उन्हें ‘टॉप गन’ की पहचान मिली है। यह कोर्स केवल उन्हीं फाइटर पायलटों के लिए होता है, जो उड़ान, रणनीति और युद्ध कौशल में बेहद ऊंचे स्तर का प्रदर्शन करते हैं। इसे पूरा करने वाले पायलट आगे चलकर हवाई ऑपरेशन की योजना बनाने, दूसरे पायलटों को प्रशिक्षित करने और ऑपरेशन लीड करने की जिम्मेदारी निभाते हैं। बिहार के दरभंगा से है परिवार, बरौनी में बीता बचपन भावना कांत बिहार के दरभंगा जिले के घनश्यामपुर प्रखंड के बौर गांव की रहने वाली हैं, यानी यहां उनका पैतृक गांव है। हालांकि उनका बचपन बेगूसराय के बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप में बीता। उनके पिता तेज नारायण कांत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर रहे हैं, जबकि मां राधा कांत गृहिणी हैं। भवना ने अपनी शुरुआती पढ़ाई DAV पब्लिक स्कूल, बरौनी रिफाइनरी से की। इसके बाद वे इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए बेंगलुरु गईं। उन्होंने बीएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स में बीई की डिग्री हासिल की। कुछ समय तक नौकरी का विकल्प भी था, लेकिन उनका सपना वायुसेना में जाना था। उन्होंने एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट पास किया और आखिरकार भारतीय वायुसेना का हिस्सा बन गईं। 2016 में बनीं पहली महिला फाइटर पायलट बैच का हिस्सा साल 2015 में केंद्र सरकार ने पहली बार महिलाओं के लिए फाइटर स्ट्रीम खोलने का फैसला किया। इसके बाद जून 2016 में भवना कांत, अवनी चतुर्वेदी और मोहना सिंह भारतीय वायुसेना की पहली महिला फाइटर पायलट बैच का हिस्सा बनीं। तीनों ने उस समय इतिहास रचा था। इसके बाद भवना लगातार नई उपलब्धियां हासिल करती रहीं। मार्च 2018 में उन्होंने मिग-21 बाइसन विमान की सोलो उड़ान भरी। ऐसा करने वाली वह देश की दूसरी महिला फाइटर पायलट बनी थीं। 2019 में पहली बार मिली थी कॉम्बैट मिशन उड़ाने की मंजूरी मई 2019 में भवना कांत ने एक और रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने मिग-21 बाइसन पर ‘डे ऑपरेशनल सिलेबस’ पूरा किया और दिन के समय लड़ाकू मिशन उड़ाने की अनुमति हासिल करने वाली देश की पहली महिला फाइटर पायलट बनीं। उस समय भारतीय वायुसेना ने कहा था कि उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। इसके बाद उनका नाम देश की सबसे सक्षम महिला फाइटर पायलटों में शामिल हो गया। ‘टॉप गन’ बनना क्यों माना जाता है बड़ी उपलब्धि फाइटर कॉम्बैट लीडर (FCL) कोर्स भारतीय वायुसेना के सबसे कठिन कोर्स में गिना जाता है। इसे आम भाषा में ‘टॉप गन’ कोर्स भी कहा जाता है। इसमें केवल अनुभवी फाइटर पायलटों का चयन होता है। उन्हें हवाई युद्ध की रणनीति, दुश्मन के खिलाफ ऑपरेशन, टीम लीडरशिप, आधुनिक हथियारों के इस्तेमाल और जटिल युद्ध परिस्थितियों से निपटने की ट्रेनिंग दी जाती है। कोर्स पूरा करने वाले पायलट सिर्फ विमान उड़ाने तक सीमित नहीं रहते। वे पूरे मिशन की योजना बनाते हैं, दूसरे पायलटों को प्रशिक्षण देते हैं और युद्ध के दौरान अहम फैसले लेने वाली टीम का हिस्सा बनते हैं। यही वजह है कि भारतीय वायुसेना में ‘टॉप गन’ की पहचान बेहद प्रतिष्ठित मानी जाती है। गांव से निकलकर देशभर की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा भवना कांत की सफलता सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है। यह बिहार और पूरे देश की उन लड़कियों के लिए प्रेरणा है, जो सेना में करियर बनाना चाहती हैं। उनके पिता पहले भी बता चुके हैं कि भवना बचपन से पढ़ाई में अच्छी थीं और स्कूल के दिनों से ही उड़ान भरने की बात करती थीं। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान भी उन्होंने अपना लक्ष्य नहीं बदला। वे लगातार एयर फोर्स में चयन के लिए तैयारी करती रहीं। परिवार का कहना है कि दरभंगा के प्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉ. मानस बिहारी वर्मा, जो तेजस परियोजना से जुड़े थे, उनसे भी भवना को प्रेरणा मिली। दोनों परिवार एक-दूसरे के पड़ोसी रहे हैं।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles