![]()
शेखपुरा में शनिवार को लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान (LSBA) और जिले की स्वच्छता व पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में हुई इस बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी शेखर आनंद ने की। जिला पदाधिकारी ने जिले की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार लाने और सभी लंबित विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने जिले में निर्माणाधीन 20 सामुदायिक स्वच्छता परिसरों के शेष कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही, पंचायतों को स्वच्छता के 10 निर्धारित मानकों के आधार पर ‘आदर्श ग्राम पंचायत’ के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना पर भी जोर दिया गया। महादलित टोलों को प्राथमिकता देते हुए अगले दो महीनों के भीतर शत-प्रतिशत शौचालय निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। भुगतान को शीघ्रता से निपटाने के आदेश भी दिए
बैठक में स्कूल, कॉलेज, हाट-बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से नियमित रूप से यूजर चार्ज (अपशिष्ट संग्रह शुल्क) वसूलने का निर्देश दिया गया। कचरा प्रबंधन के लिए खराब पड़े ई-रिक्शों की तत्काल मरम्मत कराने और नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के लिए तैयार ‘अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली’ को संबंधित पोर्टल पर शीघ्र अपलोड करने के आदेश भी दिए गए। जल संरक्षण के लिए सोखता निर्माण को बढ़ावा देने, ‘सुजलाम भारत’ अभियान के तहत जल सेवा का आकलन करने, ‘हर घर सर्टिफिकेशन’ की प्रक्रिया पूरी करने और ‘हर घर नल का जल’ की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जल आपूर्ति योजना से जुड़े लंबित ऑपरेटरों के बकाया भुगतान को शीघ्रता से निपटाने के आदेश भी दिए गए। स्वच्छता पर्यवेक्षकों को जमीनी स्तर पर कार्यों की लगातार निगरानी करने और अपने स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने सख्त चेतावनी दी कि सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

