Saturday, August 8, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

बोकारो पुलिस को 78 नए पेट्रोलिंग वाहनों की सौगात, 39 थानों के लिए किया रवाना


जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बोकारो पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जिले के सभी थानों के लिए कुल 78 नए बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें से 39 वाहनों को शुक्रवार को बोकारो पुलिस लाइन में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर संबंधित थानों के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी शैलेंद्र सिन्हा, डीसी अजय नाथ झा और एसपी नाथू सिंह मीना मौजूद रहे। अधिकारियों ने नए वाहनों को रवाना करते हुए उम्मीद जताई कि इससे पुलिस की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा और आम लोगों को त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नए वाहनों के शामिल होने से जिले में गश्त, अपराध नियंत्रण, आपातकालीन प्रतिक्रिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की क्षमता पहले से अधिक मजबूत होगी। आईजी शैलेंद्र सिन्हा ने कहा कि नए वाहनों के मिलने से पुलिस की गश्ती व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहले की तुलना में कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सकेगी। इससे अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ आम जनता का पुलिस के प्रति विश्वास भी और मजबूत होगा। वहीं डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि इन वाहनों का उद्देश्य अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। आधुनिक संसाधनों से लैस पुलिस अब जिले के किसी भी हिस्से में तेजी से पहुंचकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम होगी। अपराधी कहीं भी छिपे हों, पुलिस उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर सकेगी। एसपी ने कहा कि पुलिस मुख्यालय से जिले को कुल 78 नए बोलेरो वाहन प्राप्त हुए हैं। पहले चरण में 39 वाहनों को विभिन्न थानों के लिए रवाना किया गया है, जबकि शेष वाहनों का भी जल्द वितरण किया जाएगा। सभी नए वाहनों पर डायल-112 अंकित किया गया है। इसका उद्देश्य लोगों, विशेषकर ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को आपातकालीन पुलिस सेवा के प्रति जागरूक करना है। कई बार दूर-दराज के क्षेत्रों के लोग किसी कारणवश थाने तक नहीं पहुंच पाते। ऐसी स्थिति में वह डायल-112 पर संपर्क कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेंगे। इससे पुलिस की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने और नागरिकों को त्वरित सुरक्षा उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles