![]()
बांका में श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी को कांवरिया श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने लूल्हा शिवलोक से दुम्मा बॉर्डर तक कांवरिया पथ का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो और आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध रहें। देखें, मौके से आई तस्वीरें… सिलसिलेवार पढ़ें, पूरा मामला… डीएम स्वयं कच्ची कांवरिया पथ पर पैदल चले निरीक्षण के दौरान डीएम अंशुल अग्रवाल स्वयं कच्ची कांवरिया पथ पर पैदल चले। उन्होंने रास्ते में कांवरिया श्रद्धालुओं से बातचीत कर यात्रा के दौरान आने वाली परेशानियों और प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। डीएम ने कांवरिया पथ पर बने शौचालय एवं स्नानागार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मियों को रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं डीएम ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बढ़ती भीड़ को देखते हुए सफाईकर्मियों की सक्रियता बनाए रखने और समय-समय पर निगरानी करने को कहा गया। इसके बाद, डीएम रंगनियां टेंट सिटी पहुंचे। यहां उन्होंने कांवरिया श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जानकारी ली। अल्पाहार का सेवन कर गुणवत्ता जांची उन्होंने टेंट सिटी में संचालित जीविका दीदी की रसोई का भी निरीक्षण किया और वहां तैयार अल्पाहार का सेवन कर उसकी गुणवत्ता जांची, जो संतोषजनक पाई गई। डीएम ने बताया कि इस वर्ष कांवरिया पथ पर कई महत्वपूर्ण स्थानों पर जीविका दीदी की रसोई संचालित की जा रही है। इन रसोइयों के माध्यम से श्रद्धालुओं को निर्धारित दर से कम कीमत पर स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और किफायती भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य लंबी यात्रा पर आने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं को उचित दर पर बेहतर भोजन प्रदान करना है। रंगनियां टेंट सिटी में डीएम ने श्रद्धालुओं से भी बातचीत की।उन्होंने जीविका दीदी की रसोई में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और निर्धारित दर के बारे में जानकारी ली। भोजन की गुणवत्ता-कीमत पर संतोष जमाया
डीएम ने डीपीएम, जीविका को निर्देश दिया कि जीविका दीदी की रसोई के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे गुणवत्तापूर्ण और किफायती भोजन की जानकारी अधिक से अधिक कांवरियों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। साथ ही जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को साइनेज के माध्यम से रसोई और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी श्रद्धालुओं तक पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था करने का निर्देश दिया। कंट्रोल रूम से भीड़ व्यवस्था की ली जानकारी
निरीक्षण के बाद डीएम जिलेबिया कंट्रोल रूम पहुंचे। यहां उन्होंने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों से कांवरिया पथ की स्थिति, श्रद्धालुओं की भीड़ और निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। कंट्रोल रूम के माध्यम से की जा रही निगरानी एवं समन्वय व्यवस्था का भी उन्होंने जायजा लिया।
डीएम ने कांवरिया पथ पर प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों और पदाधिकारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मी अपने निर्धारित स्थल पर पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहें। श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस जवानों को सौम्य व्यवहार का निर्देश
पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने कांवरिया पथ पर तैनात पुलिस जवानों से बातचीत कर उनकी ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने का निर्देश दिया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार रहने को कहा।
इसके बाद डीएम ने भैरोपुर टेंट सिटी का भी निरीक्षण किया। यहां कांवरिया श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। संबंधित पदाधिकारियों को टेंट सिटी में स्वच्छता, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट
दूसरी सोमवारी पर संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक, यातायात को कांवरिया पथ एवं आसपास के क्षेत्रों में यातायात सुचारू बनाए रखने को कहा। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों की पार्किंग कराने और अनावश्यक जाम की स्थिति नहीं बनने देने का निर्देश दिया गया।
एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित कराने को कहा। विशेष रूप से अबरखा धर्मशाला के पास बनाए गए नए पार्किंग स्थल लोटनिया में वाहनों की पार्किंग कराने का निर्देश दिया गया। वाहनों को नए पार्किंग स्थल लोटनिया में पार्क करें अबरखा टेंट सिटी और धर्मशाला के आसपास श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ रहने के कारण यातायात दबाव बढ़ने और जाम की आशंका रहती है। इसे देखते हुए एसपी ने वाहनों को नए पार्किंग स्थल लोटनिया में पार्क कराने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों के अलावा अन्य स्थानों पर वाहनों की पार्किंग नहीं होने देने का निर्देश दिया।
डीएम और एसपी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा दूसरी सोमवारी पर कांवरिया श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुखद बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने को कहा।


