जिला मुख्यालय में निधि चौक गंगासागर के पास स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय गंगासागर भौंआरा में बच्चों के लिए शिक्षा व्यवस्था जिला प्रशासन की पोल खोल रही है। इस विद्यालय परिसर में बरसात के कारण जल जमाव के बीच बच्चों का पठन-पाठन कराया जा रहा है, पूरे स्कूल परिसर में बरसात के पानी लगने के बाद पानी का निकासी नहीं होने के कारण छोटे-छोटे बच्चों को इसी कीचड़ युक्त पानी से होकर अपने क्लास रूम तक पहुंचना होता है, इस दौरान स्कूल परिसर में बरसात का पानी जमा रहने से बच्चों के खेलने व लंच ओवर में भी क्लास रूम में ही रहना होता है। स्कूल आने व जाने के दौरान बच्चे इसी पानी से होकर आने-जाने को मजबूर हैं। स्कूल के प्रधान शिक्षक संजीव कुमार ठाकुर ने बताया कि इस संबंध में विभाग के वरीय अधिकारी सहित स्थानीय प्रतिनिधि को कई बार सूचित किया गया है, लेकिन स्कूल परिसर से बरसात के पानी के निकासी को लेकर अब तक कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस बीच स्कूली बच्चे व शिक्षक व शिक्षिकाएं इसी जल जमाव से आने-जाने को व स्कूल में रहने को मजबूर हैं। इस स्कूल में करीब 108 बच्चों का नामांकन है। जनता की आवाज की कॉलम के जरिए आप भी अपने आसपास की समस्याओं को आवाज दे सकते है। जुड़ने के लिए 7004213745 पर व्हाट्सएप करे।


