![]()
मधुबनी के बासोपट्टी थाना क्षेत्र के सिरियापुर पंचायत अंतर्गत भैयापट्टी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के कार्यालय से रविवार को कई सामान गायब होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) रेखा कुमारी ने विभागीय अधिकारियों के साथ बासोपट्टी थाना पुलिस को सूचना दी है। जानकारी के अनुसार, रविवार को जब आयुष्मान आरोग्य मंदिर के कर्मी कार्यालय पहुंचे, तो वहां सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर कार्यालय से कई कुर्सियां और कुछ जरूरी कागजात गायब पाए गए। इसके बाद कर्मियों ने आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया। पुलिस को सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और आयुष्मान आरोग्य मंदिर का जायजा लिया। टीम ने कर्मियों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार्यालय से सामान कब और किन परिस्थितियों में गायब हुआ। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मियों का कहना है कि कार्यालय से सामान और कागजात गायब होने से विभागीय कार्यों पर असर पड़ सकता है। पुलिस द्वारा मामले की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बासोपट्टी थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर से सामान गायब होने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


