अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जिला अध्यक्ष प्रेम कुमार शर्मा के नेतृत्व में उपायुक्त कंचन सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सहायक शिक्षकों के वेतन का समय पर भुगतान,मध्याह्न भोजन की राशि उपलब्ध कराने, सहायक आचार्यों की सेवा पुस्तिका खोलने,पूर्व बकाया राशि का भुगतान तथा कोषागार वाहक एवं बिल विपत्र लिपिक को बदलने सहित अन्य मांगें शामिल हैं।जिला अध्यक्ष प्रेम कुमार शर्मा ने उपायुक्त को सौंपे मांग पत्र में कहा कि जिले के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को प्रत्येक माह समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। इससे शिक्षकों में काफी निराशा है। प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तत्काल जिला शिक्षा अधीक्षक से फोन पर बात की और संघ की ओर से उठाए गए सभी मुद्दों पर विचार-विमर्श कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मौके पर संघ के संयुक्त सचिव अजीत तिर्की एवं नागेश्वर होता सहित अन्य उपस्थित थे।

