Friday, August 21, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

चाईबासा में शॉर्ट सर्किट से दो घरों में लगी आग:टाटा स्टील से पहुंचा दमकल वाहन, दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग


चाईबासा के गुवा थाना क्षेत्र के नानक नगर बाजार स्थित सेल आवासीय परिसर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दो श्रमिक दीपक लोहार और कालेश्वर हाजरा के घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग लगते ही दोनों घरों से धुआं और तेज लपटें उठने लगीं, जिसे देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने पानी और उपलब्ध अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शुरुआती प्रयास सफल नहीं हो सके। टाटा स्टील से पहुंचा दमकल आग की भयावह स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल टाटा स्टील, नोवामुंडी प्रबंधन को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रबंधन की ओर से एक अग्निशमन वाहन मौके पर भेजा गया। इसके बाद अग्निशमन दल ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। ग्रामीण भी दमकल कर्मियों के साथ जुटे रहे और आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। काफी मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझाई जा सकी। आग बुझने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान आवासीय परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा। घरों में रखा सामान जलकर राख, परिवार सुरक्षित आग लगने के समय दोनों घरों में मौजूद लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से दोनों घरों में रखा घरेलू सामान, कपड़े, फर्नीचर और अन्य जरूरी वस्तुएं पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। इससे दोनों प्रभावित परिवारों को लाखों रुपए की आर्थिक क्षति हुई है। आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास के अन्य आवासों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। स्थानीय लोगों की तत्परता और अग्निशमन दल की कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद आग लगने के कारणों को लेकर शॉर्ट सर्किट को प्राथमिक वजह बताया जा रहा है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles