Thursday, August 20, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

'भ्रष्टाचार, अफसरशाही बंद करो, जनता से अच्छा व्यवहार करना होगा':मानपुर में सड़क पर उतरे महिला-पुरुष, बोले- ब्लॉक में काम के लिए सिफारिश, पैसों की जरूरत पड़ती है


गयाजी के मानपुर में अफसरशाही के खिलाफ गुरुवार को सैंकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष सड़क पर उतरे। जुलूस की शक्ल में वे प्रखंड कार्यालय पहुंचे। धरना दिया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां थीं, जिस पर नारे लिखे गए थे- अफसरशाही बंद करो, भ्रष्टाचार बंद करो। जनता के साथ अच्छा व्यवहार करो। प्रदर्शनकारियों से जब बात की गई तो उन्होंने आरोप लगाया कि मानपुर प्रखंड कार्यालय में कुव्यवस्था और भ्रष्टाचार है, जिसके खिलाफ सर्वदलीय संघर्ष समिति के बैनर तले सैकड़ों महिला-पुरुष प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन में सबसे अधिक संख्या नौरंगा गांव के लोगों की रही। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा नेता क्षितिज मोहन सिंह, राणा रंजीत सिंह और पूर्व जिला परिषद सदस्य रिंकी देवी ने किया। सभा का संचालन राणा रंजीत सिंह ने किया। अफसरशाही, भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन की 3 तस्वीरें देखिए अब पढ़िए, प्रखंड कार्यालय के बाहर वक्ताओं और प्रदर्शनकारियों ने क्या कहा? मानपुर प्रखंड कार्यालय के बाहर खड़े वक्ताओं ने प्रखंड कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कहा कि दाखिल-खारिज, परिमार्जन, एलपीसी, आधार कार्ड और वृद्धा पेंशन जैसे सामान्य कामों में भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का आरोप है कि सही काम कराने के लिए सिफारिश और पैसे की जरूरत पड़ती है। वक्ताओं ने कहा कि राजस्व कर्मचारी और अंचलाधिकारी की हड़ताल के कारण जनता पहले ही परेशान रही है। अब कार्यालयों में काम कराने के लिए लोगों को बार-बार चक्कर लगाना पड़ रहा है। दूर-दराज से लोग आते हैं। दिनभर इंतजार करते हैं। इसके बाद भी काम नहीं होता। समिति ने मानपुर अंचलाधिकारी के तबादले की मांग की गई। नौरंगा रोड से अतिक्रमण हटाने की मांग की गई। सड़क और नाली का निर्माण जल्द शुरू कराने की बात कही गई। प्रदर्शनकारियों ने सोमवार व शुक्रवार को पहले की तरह प्रखंड कार्यालय में जनता दरबार लगाने की मांग की। कार्यालय में आम लोगों के लिए प्रतीक्षालय बनाने की भी मांग रखी। समाजिक कार्यकर्ता पर दर्ज मुकदमे को वापस करने की मांग प्रदर्शन के दौरान सबसे ज्यादा जोर सामाजिक कार्यकर्ता पर दर्ज मुकदमे को वापस लेने पर रहा। प्रदर्शनकारियों ने इसे लेकर भी नारे लगाए। कहा कि जनता की आवाज उठाने वालों पर मुकदमा करने के बजाय उनकी शिकायत सुनी जानी चाहिए। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री से मिलने के लिए प्रतिनिधिमंडल जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। धरने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से मुलाकात की। उन्हें मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। बीडीओ वेद प्रकाश ने बताया कि एक प्रतिनिधि मंडल ज्ञापन देने आए थे। उन्होंने ज्ञापन दिया है। ज्ञापन से सम्बंधित जानकारी उच्च अधिकारी को दे दी जाएगी। उनसे जब यह पूछा गया कि विवाद का कारण क्या है तो सिर्फ इतना कहा कि जांच चल रही है। कुछ विवाद परिसर में हुआ था। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा नेता क्षितिज मोहन सिंह कर रहे थे। इस मौके पर राणा रंजीत सिंह, सिदेश्वर प्रजापत, महेंद्र यादव, हारुन, कलाम, संजय प्रजापत, मो. इस्माइल, जफर, रंजीत सिंह, किशोरी यादव, अजय सिंह, रामपुकार सिंह, जितेंद्र साव, रिंकी देवी, गीता देवी, अयाज अख्तर आरजू, अरविंद वर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे। सामाजिक कार्यकर्ता पर केस के बाद बढ़ा आक्रोश मानपुर अंचल कार्यालय में अधिकारियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य के पति गोरेलाल पर महिला परिचारी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला परिचारी ने गाली-गलौज, धमकी, मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। मामले में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं। विरोध प्रदर्शन में शामिल महिला परिचारी के अनुसार, 10 अगस्त को वह अंचल कार्यालय में काम कर रही थी। इसी दौरान गोरेलाल वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने नौकरी से हटवाने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की। इसके बाद मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया गया। 12 अगस्त को दिए आवेदन के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया। बताया गया कि गोरेलाल नौरंगा रोड की मापी के सिलसिले में अंचल कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान सीओ से उनकी बहस होने की बात सामने आई थी। हालांकि पूरे घटनाक्रम पर अधिकारियों ने स्पष्ट जानकारी देने से परहेज किया। वहीं एफआईआर के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ी। लोगों ने कहा कि गोरेलाल जनहित के मुद्दों को लेकर अधिकारियों के सामने आवाज उठाते रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ केस दर्ज होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। जांच के बाद ही आरोपों की सच्चाई स्पष्ट होगी। इस मामले की जांच करने बुधवार को मुफस्सिल थाने की पुलिस टीम अंचल कार्यालय पहुंची थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। कई लोगों से पूछताछ भी की गई। शाम में प्रभारी एसडीपीओ सह शेरघाटी डीएसपी-1 संदीप कुमार भी अंचल कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने कहा कि जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles