![]()
सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में छह दिन से लापता दो युवकों के शव बरामद किए गए हैं। पुलिस ने रपचा जंगल से राहुल हांसदा और तपन प्रधान के शव निकाले। इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनकी निशानदेही पर शवों को खोजा गया। एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज ने बताया कि पिंडाबेड़ा निवासी राहुल हांसदा और खरखावां निवासी तपन प्रधान की गुमशुदगी की जांच चल रही थी। पुलिस ने इस संबंध में रविन्द्र मार्डी और फूलचंद हांसदा को हिरासत में लिया। चोरी के आरोप में युवकों की पिटाई की गई थी पूछताछ के दौरान दोनों संदिग्धों ने बताया कि चोरी के आरोप में युवकों की पिटाई की गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शवों को दफना दिया गया था। पुलिस टीम ने मजिस्ट्रेट सह अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह की मौजूदगी में संदिग्धों द्वारा बताए गए स्थान पर खुदाई की। इस दौरान दोनों युवकों के शवों को बाहर निकाला गया। शव बरामदगी के समय कांड्रा थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर विनोद कुमार मुर्मू और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। एक भागने में रहा था सफल जानकारी के अनुसार, राहुल हांसदा और तपन प्रधान 13 अगस्त की रात करीब आठ बजे धातकीडीह स्कूल परिसर में बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शी सूरज हांसदा ने बताया कि कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद तीनों को एक कार में गम्हरिया की ओर ले जाया गया था। सूरज किसी तरह वहां से भागने में सफल रहा, लेकिन राहुल और तपन का कोई पता नहीं चला था। परिजनों ने शुरू से ही दोनों युवकों के अपहरण और हत्या की आशंका जताई थी और पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। शव बरामद होने के बाद पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही हत्या के कारणों और पूरी साजिश का खुलासा हो पाएगा।
