![]()
सीतामढ़ी जिले के बेलसंड थाना क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे दो बदमाशों को बिहार एसटीएफ और सीतामढ़ी जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से अवैध पिस्टल, कारतूस और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ये अपराधी हथियार के बल पर लूट की योजना बना रहे थे। सीतामढ़ी एसपी के मुताबिक, बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और सीतामढ़ी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बेलसंड थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में छापेमारी की। इस दौरान दरियापुर निवासी बदरे आलम उर्फ वली आलम और मो. असद रजाक उर्फ चांद को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान, आरोपियों के कब्जे से 7.65 एमएम की एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलसंड थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी हथियार के साथ लूट की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर एसटीएफ और सीतामढ़ी जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दरियापुर में छापेमारी की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा। इस मामले में बेलसंड थाना कांड संख्या 223/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास का पता लगाने में जुटी है और यह भी जांच कर रही है कि उनके गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
