![]()
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और चक्रवाती हवा के असर से झारखंड में बारिश का दौर जारी है। राजधानी रांची में आज बादल छाए रहने और कहीं-कहीं छिटपुट बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 29 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि, 27 अगस्त को रांची समेत मध्य झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया है। आज चार जिलों में भारी बारिश मौसम विभाग के अनुसार 26 अगस्त यानी आज गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश हो सकती है। राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के संकेत हैं। अन्य जिलों में भी बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने ऐसे क्षेत्रों में मौसम पर नजर रखने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। 27 अगस्त को चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़, धनबाद और रांची के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। रांची में सामान्य बारिश के बीच अचानक तेज बारिश के दौर आ सकते हैं। 28 से 30 अगस्त तक भी जारी रहेगा असर 28 अगस्त को गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना है। 29 अगस्त को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में बादल छाये रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पांच दिन के पूर्वानुमान के अनुसार 28 अगस्त के बाद 29 और 30 अगस्त को भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का दौर बना रह सकता है। 26 से 30 अगस्त के बीच गरज-चमक और तेज हवा की स्थिति भी बन सकती है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। मंगलवार को जमशेदपुर में ज्यादा बारिश बारिश के दौरान वज्रपात और तेज हवा को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है। खुले मैदान, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचना चाहिए। मंगलवार को राज्य में सबसे अधिक 5.3 मिमी बारिश जमशेदपुर में दर्ज की गई। रांची में 0.7 मिमी बारिश हुई। तापमान पूर्वानुमान के मुताबिक 26 से 28 अगस्त तक रांची का अधिकतम तापमान करीब 29 और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रह सकता है। यानी आने वाले दिनों में गर्मी से अधिक बारिश, गरज-चमक, तेज हवा और मौसम में अचानक बदलाव असरदार रहेंगे।
