![]()
अररिया शहर में भाई-बहन के पवित्र पर्व रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में राखी की आकर्षक दुकानें सज गई हैं। गुरुवार को दिन चढ़ने के साथ ही राखी की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही में तेजी देखी गई। शहर के बस स्टैंड स्थित एबीसी नहर के समीप, बस स्टैंड ओवरब्रिज के पास, नवरत्न चौक, हटिया रोड, काली मंदिर चौक और आश्रम चौक सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर राखी की दुकानें लगाई गई हैं। इसके अलावा, प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में भी दुकानदारों ने रक्षाबंधन से संबंधित सामग्री की दुकानें सजाई हैं। बाजार में फैंसी स्टोन राखियों की मांग ज्यादा दुकानों पर विभिन्न डिजाइन, रंग और कीमतों की राखियां उपलब्ध हैं, जो ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। राखी खरीदने पहुंच रही बहनें अपनी पसंद के अनुसार अलग-अलग डिजाइन की राखियां चुन रही हैं। बच्चों के लिए कार्टून और आकर्षक डिजाइन वाली राखियों के साथ युवतियों के बीच फैंसी राखियों की मांग अधिक है। काली मंदिर चौक पर राखी की दुकान चलाने वाले संतोष झा ने बताया कि इस बार बाजार में फैंसी स्टोन राखियों की मांग ज्यादा है। पसंदीदा राखियां खरीदने में जुटी बहनें वहीं, एबीसी नहर के समीप दुकान लगाए अजय साह ने जानकारी दी कि रेशम के सूते वाली राखियों को भी ग्राहक काफी पसंद कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पर्व नजदीक आने के साथ बिक्री में लगातार तेजी आएगी। दुकानदारों के अनुसार, रक्षाबंधन से पहले अगले एक-दो दिनों में बाजारों में खरीदारों की संख्या और बढ़ सकती है। बहनें अपने भाई की कलाई पर स्नेह और विश्वास का धागा बांधने के लिए अपनी पसंदीदा राखियां खरीदने में जुटी हैं, जिससे शहर के बाजारों में त्योहार का रंग और गहराता जा रहा है।
