![]()
मधुबनी एससी/एसटी थाना पुलिस ने अर्धहत्या के एक मामले में नौ माह से फरार चल रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नरहिया थाना क्षेत्र के झिटकी गांव निवासी गरीब साह की पत्नी दुखनी देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि उसके घर पर छापेमारी कर यह कार्रवाई की। एससी/एसटी थाना अध्यक्ष चंद्र किशोर टुड्डू ने गुरुवार दोपहर 2:00 के आसपास बताया कि पुलिस को दुखनी देवी के अपने घर पर मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के सत्यापन के बाद एक टीम ने झिटकी गांव स्थित उसके आवास पर छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना अध्यक्ष के अनुसार, महेंद्र राम के लिखित आवेदन पर दुखनी देवी के खिलाफ मधुबनी एससी/एसटी थाना में 19 दिसंबर 2025 को अर्धहत्या से संबंधित प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी महिला की तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद दुखनी देवी से मामले के संबंध में गहन पूछताछ की गई। आवश्यक कागजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद, पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
