![]()
पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में एक तालाब से शनिवार दोपहर मां और उसके मासूम बच्चे का शव मिला। महिला की पहचान रंजू देवी के रूप में हुई है, जो अरुण महतो की पत्नी थीं। बच्चे की उम्र डेढ़ साल बताई जा रही है। परिवार के लोगों ने बताया कि रंजू देवी शुक्रवार शाम से लापता थीं। काफी ढूंढने के बाद भी उनका पता नहीं चला था। शनिवार को घर से थोड़ी दूरी पर स्थित तालाब में मां-बेटे का शव पानी के ऊपर उपलाता हुआ देखा गया। इस खबर के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मां और बेटे की मौत हादसा है, आत्महत्या है या फिर हत्या, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। घटना की जानकारी मिलने पर तालाब और उसके आसपास के इलाके में लोगों की बड़ी भीड़ जमा हो गई। गांव में मातम पसरा है और हर तरफ इस घटना की चर्चा हो रही है। थाना प्रभारी लाल जी ने बताया कि पूरे मामले में जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति साफ की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी।
पलामू में तालाब से मां-बेटे का शव मिला:4 अगस्त की शाम से लापता थे दोनों, पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

